जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में बहुत जल्द भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। आज ज्यादातर क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के नए इलाकों में आगे बढ़ने के लिए तैयार है वहीं उत्तर पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में आज तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में आज मौसम काफी खराब रहने की आशंका है। हालांकि, शनिवार सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। मौसम विभाग ने यहां 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट है। आईएमडी का कहना है कि आज अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, 31 मई से चार जून के बीच तापमान में फिर से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। पूरे राज्य में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली चमकने के आसार हैं। वहीं, रविवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

वहीं बात अगर बिहार की करें तो कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार और झारखंड दोनों राज्यों में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान आने की आशंका है। आईएमडी का कहना है कि झारखंड में 31 मई से 4 जून के बीच और बिहार में 31 मई को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज गरज और चमक के साथ ही बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की संभावना है।इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।





