नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनका अहंकार अब भी सातवें आसमान पर है। केजरीवाल ने अपने एक्स अकाउंट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पोस्ट को साझा करते हुए लिखा था कि आप कौन हैं। इससे दोनों दलों के बीच एक नया राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष पर उस समय तंज कसा था, जब नवीन ने हिंदू देवी-देवताओं के अपमान पर चुप रहने के लिए विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख का समर्थन करते हुए गुप्ता ने कहा कि नवीन ने लगातार चार बार बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में संघर्ष करते हुए उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अब राज्यसभा के सदस्य हैं। गुप्ता ने दावा किया कि केजरीवाल हताश और निराश हैं। गुप्ता ने रविवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, आपका (केजरीवाल का) अहंकार अब भी सातवें आसमान पर है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा एक बार अमित शाह कौन हैं? पूछे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, समय हर सवाल का जवाब देता है और रावण का अहंकार भी नहीं टिक सका था। आप नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि नवीन के कथित अपमान पर आपत्ति जताने वाले भाजपा नेता भगवान बजरंग बली के अपमान पर चुप हैं। उन्होंने नवीन की रैली के एक वीडियो का हवाला दिया जिसमें भगवान हनुमान की पोशाक पहने एक बच्चे को नाचते हुए देखा गया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा नेताओं में इसके खिलाफ भी बोलने का साहस है।
आशीष सूद ने भी साधा निशाना
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा, यह उस व्यक्ति के लिए विडंबना है जिसकी राजनीति और पहचान विलुप्त होने की ओर बढ़ रही है, वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कद पर सवाल उठा रहे हैं। सूद ने कहा कि नवीन दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रमुख हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 14 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता, 1,800 से अधिक विधायक और 350 से अधिक सांसद पार्टी में जनता के विश्वास को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा, जनता का जनादेश सबसे बड़ा जवाब है।





