विधायक बृजभूषण के खिलाफ एक्शन, 7 दिनों में मांगा जवाब

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। 
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने के मामले में चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने एक्शन ले लिया है। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बृजभूषण राजपूत के खिलाफ नोटिस जारी कर उनसे 7 दिनों के अंदर जवाब मांगा है।


30 जनवरी को किया था घेराव
बता दें कि बीते 30 जनवरी को महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के एक प्राइवेट कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का आगमन हुआ था। इस दौरान उस समय हंगामा हो गया था जब चरखारी विधानसभा क्षेत्रसे भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने उनका काफिला रोक लिया। काफिला रोकने का कारण गांव में पानी न आना और सड़कें खोदने से लोगों को हो रही परेशानी बताया गया था। इस दौरान विधायक समर्थकों के साथ मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भिड़ गए थे। विधायक बृजभूषण राजपूत के साथ करीब 40 गांवों के प्रधान और इतनी ही गाड़ियां मौजूद थीं। विधायक समर्थकों ने मंत्री के काफिले के रास्ते पर करीब 40 गाड़ियां खड़ी कर दी थीं। मंत्री के गाड़ी से उतरते ही विधायक ने अपने क्षेत्र में हर घर नल योजना की दुर्दशा बतानी शुरू कर दी। दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। 


अधिकारियों ने किया था बीच-बचाव
मामले में मौजूद अन्य नेताओं और अधिकारियों ने बीच-बचाव किया। स्थिति बिगड़ती देख जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक बृजभूषण राजपूत को लेकर सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के बीच बैठक शुरू हुई, जिसमें जलापूर्ति और सड़कों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, उसके बाद मंत्री और विधायक दोनों के ही बयान सामने आए। दोनों ने आपसी किसी भी तरह के मतभेद से इंकार किया और लोगों की रियल समस्या को समाप्त करने की बात कही। उस दौरान मामला काफी तूल पकड़ा था। उसके एक सप्ताह बाद उनके खिलाफ नोटिस देकर जवाब मांगने का मामला सामने आया है।