जन प्रवाद ब्यूरो।
नोएडा। बांग्लादेश में गुरुवार हुए आम चुनावों के बाद चल रही मतगणना में बीएनपी की सरकार बनना लगभय तय माना जा रहा है। रुझानों के अनुसार बीएनपी बहुमत की ओर है, जबकि जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाला गठबंधन महज कुछ ही सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कुल 299 निर्वाचन क्षेत्रों में गुरुवार को हुए मतदान के बाद से मतगणना जारी है। आंकड़ों के अनुसार बीएनपी ने 165 सीटों पर जीत हासिल कर ली है वहीं कई सीटों पर आगे भी चल रही है। बात अगर जमात समर्थित गठबंधन की करें तो केवल अनुमानित 45 सीटों पर बढ़त बना पाया है।
बता दें कि बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद चुनावी मैदान में उतरे और उन्होंने अपना दबदबा कायम किया है। खबरों के अनुसार उन्होंने ढाका-17 और बोगरा-6 जैसी महत्वपूर्ण सीटों से जीत दर्ज की है। उनकी जीत की खबर के बाद राजधानी समेत कई इलाकों में उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है।

बता दें कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार गिरने के बाद पहली बार आम चुनाव हुए। यह पहला मौका है जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग चुनावी मैदान से पूरी तरह गायब रही। माना जा रहा है कि शेख हसीना ने इस चुनाव को चीनी-समर्थित धोखाधड़ी और प्रहसन करार दिया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने इसे सही ठहराया है। अंतिम परिणाम आज दोपहर तक स्पष्ट हो जाएंगे। मौजूदा रुझान बरकरार रहते हैं तो तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
बीएनपी ने किया सरकार बनाने का ऐलान
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी बीएनपी ने सरकार बनाने का ऐलान कर दिया है।बीएनपी मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि पार्टी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। स्थानीय मीडिया की मानें तो कुछ ही सीटों पर गिनती बाकी है। ज्यादातर सीटें बीएनपी जीत चुकी है और ज्यादातर सीटों पर आगे चल रही है।
अमेरिकी राजदूत ने दी जीत की बधाई
अमेरिकी राजदूत टी क्रिस्टेंसन ने बीएनपी नेता तारिक रहमान को जीत की बधाई भी दे दी है। उन्होंने कहा कि उनके साथ मिलकर सुरक्षा और समृद्धि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।





