जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच भारत सहित तमाम देशों में गैस और तेल संकट पैदा हो गया है। जितना संकट है उससे कहीं ज्यादा लोग पैनिक हो रहे हैं। आलम यह है कि लोग पानी वाले ड्रम लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल के दामों में भी एक साथ पांच रुपये से अधिक का उछाल आ गया है।

बता दें के पेट्रोल-डीजल बेचने वाली देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने कीमतों में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पेट्रोल की कीमत में 5.30 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी की गई है। सर्वविदित है कि ईरान और अमेरिका युद्ध के चलते स्ट्रेट आॅफ होर्मुज करीब पूरी तरह से बंद हो गया है। इस कारण एनर्जी से जुड़ी जगहों पर हमले करने से ग्लोबल सप्लाई में बड़ी बाधा आ गई है। पेट्रोल-डीजल और गैस की समस्या को देखते हुए भारत के कई राज्यों में लोग वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर उमड़ रहे हैं। साथ ही एलपीजी गोदामों के बाहर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

बता दें कि पेट्रोल की कीमतों में उछाल के बाद हैदराबाद में 107.46 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 105..41 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 103.54 रुपये प्रति लीटर, बेंगलुरु में 102.92 रुपये प्रति लीटर और नई दिल्ली में 94.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
वहीं डीजल की बात करें तो हैदराबाद में 95.70 रुपये प्रति लीटर, भुवनेश्वर में 92.77 रुपये प्रति लीटर, चेन्नई में 92.39 रुपये प्रति लीटर और नई दिल्ली में 87.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। लॉकडाउन एवं कीमतों में बढ़ोत्तरी की अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर लोगों का सैलाव उमड़ गया है।





