प्रेरणा विमर्श का आयोजन 19 से, गौतमबुद्ध विवि में जुटेगा प्रबुद्ध समाज

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक, रचनात्मक एवं सार्थक विमर्श को मंच प्रदान करने वाले वार्षिक वैचारिक महाकुंभ ‘प्रेरणा विमर्श’2026 के संबंध में गुरुवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास, प्रेरणा विमर्श आयोजन समिति एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 19 सितंबर से शुरु होने वाला यह आयोजन दो दिनों तक चलेगा। 20 सितंबर को को इसका समापन होगा, जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में होगा। 


बता दें कि वर्ष 2020 से अनवरत जारी प्रेरणा विमर्श ने देश के विभिन्न स्थानों पर प्रबुद्ध संवाद की परंपरा को सुदृढ़ किया है। इस वर्ष आयोजन की केंद्रीय थीम उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान रखी गई है। दो दिवसीय आयोजन 19 सितंबर को अपराह्न 3:00 बजे शुरू होगा। इसका शुभारंभ भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, राष्ट्रभाव एवं नारी शक्ति के सम्मान की भावभूमि पर होगा।

इस अवसर पर आयोजित नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ में 108 हवन कुंडों पर 1,000 से अधिक मातृशक्ति यजमान के रूप में सहभागिता करेंगी। इस सत्र में राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका सीता अन्नदानम मुख्य वक्ता के रूप में होंगी। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी। साथ ही प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष प्रीति दादू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। यह अनुष्ठान नारी शक्ति के सम्मान, सामर्थ्य, स्वाभिमान एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के प्रति संपूर्ण समाज की कृतज्ञता का प्रकटीकरण एवं भव्य अभिव्यक्ति होगा।