जन प्रवाद, ब्यूरो।
प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में सोमवार को कोल्ड स्टोरेज में हुए दर्दनाक हादसे के बाद योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को प्रदेश उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभागीय लापरवाही और निगरानी में कमी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हैं।

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह हादसे की सूचना पर मंगलवार को विशेष रूप से प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने फाफामऊ स्थित कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद लोगों से उन्होंने विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के बाद मंत्री उन अस्पतालों में पहुंचे जहां घायल लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने डॉक्टरों को इलाज में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी और इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की भी बात कही। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

हादसे की समीक्षा और शिकायतों के आधार पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को प्रथम दृष्टया दोषी माना। उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज के समय के समय-समय पर निरीक्षण और लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी उद्यान अधिकारी की ही होती है। अगर समय से निरीक्षण किया गया होता तो यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। उनके निर्देश पर उद्यान अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।





