राहुल-अखिलेश ‘अंकल’ बोले आनंद, प्रतिक्रिया में बताया भाजपा से मुकाबला

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। यूपी में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। भाजपा-सपा के साथ ही अब बसपा भी सक्रिय हो गई है। यूपी के हाथरस में आयोजित एक चुनावी जनसभा के दौरान बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोआॅर्डिनेटर आकाश आनंद ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। भाषण के दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दोनों को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया।


बता दें कि अखिलेश यादव द्वारा बसपा प्रमुख मायावती को ‘बुआ’ कहे जाने के संदर्भ में जब आकाश आनंद से सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अखिलेश यादव को भैया नहीं अंकल ही कहेंगे। 
कांग्रेस-बीजेपी पर भी हमला


राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि ‘राहुल अंकल’ अक्सर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और दलित अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी वही नीतियां लागू हैं जिनका वे विरोध करते हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता के लिए कांग्रेस और भाजपा में कोई खास फर्क नहीं है।
अखिलेश की आई प्रतिक्रिया
बसपा नेता आकाश आनंद द्वारा सपा अध्यक्ष को अंकल कहे जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बहस का मुद्दा नहीं है। हमसे कुछ न कहलवाओ। हमारे संबंध बहुतों से अच्छे रहे हैं। मुकाबला उनसे हैं जो दिल्ली और यूपी में बैठे हैं।