जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच घमासान होने वाला है। चर्चा है कि इस बार एनडीए इस बिल को पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत जुटा लेगा। इसके लिए 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र बुलाया जा सकता है। पीएम मोदी ने सांसदों और मंत्रियों को विदेश यात्रा पर न जाने की सलाह दी है।
पीएम मोदी ने 15 दिसंबर से पहले आगामी संसद सत्र बुलाने की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। साथ ही मंत्रियों को उससे पहले विदेश यात्रा न करने की सलाह दी है। जिसकी अंतिम तिथि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी। चर्चा है कि इस सत्र में सरकार परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है। बता दें कि 13 अगस्त को मानसून सत्र स्थगित होने के 103 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं हुआ है। इसको लेकर विपक्ष शीतकालीन सत्र में देरी पर सवाल उठा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है।
दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोट आवश्यक
राजनीतिक जानकारों के अनुसार संविधान संशोधन विधेयक पारित करने के लिए 543 सदस्यीय लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोट आवश्यक है। मौजूदा समय में एनडीए के पास 320 सांसद हैं। अप्रैल में बिल गिरने के बाद 26 विपक्षी सांसद यानी 20 तृणमूल कांग्रेस और 6 उद्धव गुट एनडीए के पाले में आ चुके हैं। इसके अलावा अकाली दल के साथ गठबंधन के बाद इस पार्टी का एकलौता सांसद भी अब एनडीए के पक्ष में वोट करेगा। संसद सत्र के आयोजन की खबरों की बीच एक बड़ी खबर भी सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी शरदचंद्र पवार की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक पर चर्चा करने से पहले इसे संसद में पेश किया जाना चाहिए। साथ ही इसकी पूरी प्रति सांसदों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि इसके प्रावधानों को ठीक से समझने के बाद चर्चा हो सके। सुले ने यह भी कहा कि संभव है कि यह एक अच्छा विधेयक साबित हो। देश के राष्ट्रीय हित में पहले भी कई बार सत्तापक्ष और विपक्ष ने मिलकर कानून पारित किए हैं। एनसीपी-एससीपी सांसद ने कहा कि देश में ऐसे कई मौके आए हैं, जब सरकार और विपक्ष ने राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए मिलकर कानून पारित किए हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो इंडी गठबंधन के एक बड़े सहयोगी को एनडीए का साथ मिल सकता है। एनसीपी-एससीपी के पास कुल 8 सांसद हैं।
35 सांसदों पर नजर
इसके अलावा कि मोदी सरकार की नजरें उन 35 सांसदों पर नजर पर हैं, जो किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं है। इनमें एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके 22, वाईएसआर कांग्रेस के 4, अरविंद केजरीवाल की पार्टी के तीन और तीन निर्दलीय शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार बीजेपी के एक सीनियर नेता का कहना है कि केंद्र सरकार के पास बिल पास करवाने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत है। बिल 15 से 18 सीटों के मार्जिन से पास हो जाएगा। बता दें कि महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया गया था। इसका उद्देश्य लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करना और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना था। 17 अप्रैल को यह विधेयक संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। इसके बाद इससे जुड़े परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पर आगे की कार्यवाही नहीं हुई। अब दिसंबर में इसके पास होने की उम्मीद है।
परिसीमन बिल का विरोध कर रहा विपक्ष
बता दें कि विपक्ष परिसीमन बिल का विरोध कर रहा है। तमिलनाडु, केरल और दूसरे दक्षिणी राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से लोकसभा में उनका सापेक्ष प्रतिनिधित्व घट सकता है। जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया, उन्हें मौजूदा सीटों के अनुपात में नुकसान होने की आशंका है। विपक्ष का तर्क है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। दूसरी ओर, सरकार का तर्क है कि लोकसभा में सीटें बढ़ाने से प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा और महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता खुलेगा। दूसरी ओर दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर विचार कर रही है। इसके तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जा सकता है। सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक लाएगी। यह विधेयक सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण विधायी परीक्षा होगी।





