पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से दहल उठा अफगानिस्तान

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान युद्ध थमता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को पाकिस्तान ने एक बार फिर से अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर बमबारी की। बताया जा रहा है कि एयरस्ट्राइक में एक अस्पताल भी चपेट मेें आ गया। इसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि 250 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास धमाकों और गोलीबारी की आवाजें गूंज उठीं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल पर बम गिराए।तालिबान ने इस हमले की निंदा की और इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अफगास्तिान के एयरस्पेस का उल्लंघन किया है। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। तालिबान के सभी आरोप बेबुनियाद हैं।

इस अस्पताल पर गिराए गए बम
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अफगानिस्तान सरकार के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि यह हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 9 बजे किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह अस्पताल करीब 2000 बेड का है। घटना के बाद कई मीडिया कर्मी वहां पहुंचे। हमला इतना भयंकर भा कि काफी देर के बाद भी वहां आग लगी हुई थी। दर्जनों शव स्ट्रेचर पर बाहर निकाले जा रहे थे। 

क्रिकेटर राशिद खान ने की जांच की मांग
जानकारी के अनुसार अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने पाकिस्तानी हमलों की कड़ी शब्दों में निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि काबुल में पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों से लोग दुखी हैं। हमलों में कई आम लोगों की जान चली गई और कई घायल भी हैं। यही नहीं कुछ घरों, स्कूलों और अस्पतालों को भी निशाना बनाया गया है। 


बता दें कि रमजान के पाक महीने में पाकिस्तान द्वारा रिहायशी क्षेत्रों में किए गए हमले से वहां की जनता में आक्रोश है। चूंकि, आम लोगों के इलाकों पर हमला करना अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार युद्ध अपराध माना जाता है।