उत्तर कोरिया ने परमाणु ईंधन कारखाने का किया उद्घाटन, किम ने परमाणु क्षमता बढ़ाने का संकल्प दोहराया

सियोल, एजेंसी। उत्तर कोरिया ने परमाणु बम के लिए ईंधन तैयार करने वाले एक नए कारखाने का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया। साथ ही, देश के नेता किम जोंग उन ने देश की परमाणु क्षमता को तेजी से बढ़ाने की योजना का ऐलान किया। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स आॅफ स्टाफ ने इस स्थल को यूरेनियम संवर्धन संयंत्र बताया और कहा कि वह उत्तर कोरिया की परमाणु गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रहा है। दक्षिण कोरिया की सेना ने फिलहाल इस बारे में और कोई विवरण साझा नहीं किया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ह्यकेसीएनएह्ण ने अपनी खबर में कहा कि इस कारखाने में ह्यह्यअधिक परिष्कृत तकनीकह्णह्ण का इस्तेमाल किया गया है, हालांकि उसने इससे अधिक जानकारी नहीं दी। यह संयंत्र कहां स्थित है और इसने काम कब शुरू किया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में एक बड़ा हॉल दिखाई दिया, जहां संभवत: सेंट्रीफ्यूज लगे थे। हथियार-ग्रेड के यूरेनियम संवर्धन के लिए इन सेंट्रीफ्यूज का इस्तेमाल किया जाता है। नए कारखाने की शुरूआत किम की उन बार-बार दोहराई गई घोषणाओं के अनुरूप है, जिनमें उन्होंने अमेरिका नीत सैन्य खतरों के बढ़ने का दावा करते हुए इनसे निपटने के लिए अपने परमाणु हथियार कार्यक्रम का विस्तार करने का संकल्प जताया है। केसीएनए की खबर के अनुसार, किम ने बुधवार को इस परमाणु कारखाने का दौरा किया और इसके संचालन तथा दीर्घकालिक उत्पादन योजना की जानकारी ली।