नोएडा पुलिस लगातार अपराधियों पर नकेल कसे हुए है। शातिर अपराधियों की मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तारियां हो रही हैं। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक पुलिस और अपराध शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुंदर भाटी गैंग के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध पिस्टल व कारतूस भी बरामद किए हैं।
इस बाबत डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शासन द्वारा चिन्हित माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। दोनों यमुना पुश्ता पर बैठकर योजना बना रहे हैं। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने धर्मेन्द्र पुत्र कवर सिंह निवासी कमबक्शपुर एवं अर्जुन पुत्र संजय निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
सुंदर भाटी गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, बड़ी घटना को देने वाले थे अंजाम
16-Mar-2026





