जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा पुलिस इन दिनों फर्जी कॉलसेंटरों के लिए काल बन गई है। जनपद गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे आॅपरेशन ‘सी वर्ज’ के तहत थाना फेस-1 पुलिस ने दो फर्जी कॉलसेंटरों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिफ्तार कर इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल आदि बरामद किए हैं। ये लोग बीमा पॉलिसी को मेच्योर करने और इंडिगो एयरलाइंस इंडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। 
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के आधार पर ऑपरेशनसी वर्ज के तहत थाना स्तर पर विभिन्न बैंकों के 459 संदिग्ध खातों को हॉट स्पॉट एवं रेड जोन के रूप में चिन्हित किया था। जिसमें 19 खाते रेड जोन में मिले जिसके आधार पर करीब 2500 मोबाइल फोन एवं एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच की गई। उन्होंने बताया के जांच के आधार पर सबसे पहले सेक्टर-6 में संचालित फर्जी कॉल सेंटर में छापेमारी की गई। यहां बीमा पॉलिसी को मेच्योर करने के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही थी। यहां से पुलिस ने तनुज कुमार गोयल और पंकज को जी-13 सेक्टर-6 से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लैपटॉप, तीन की-पैड मोबाइल फोन, एक स्मार्ट मोबाइल 17 एटीएम कार्ड एवं एक चेकबुक बरामद की है। एडीसीपी ने बताया कि सेक्टर-6 से गिरफ्तार अभियुक्त कम ब्याज दर पर ऋण दिलाने, लैप्स एलआईसी पॉलिसी की धनराशि रिफंड कराने, पॉलिसी मेच्योर कराने, अधिक क्लेम दिलाने तथा क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। ये लोग ठगी की गई धनराशि को अपने परिचितों के बैंक खातों में स्थानांतरित कराते थे। यही नहीं उनके बैंक खातों के एटीएम कार्ड अपने कब्जे में पहले से ही कर लेते थे। ठगी के बाद मोबाइल और सिम कार्ड नष्ट कर देते थे। साथ ही मोबाइल में उपलब्ध चैट एवं अन्य डिजिटल डेटा भी डिलीट कर देते थे।
मनीषा सिंह ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने बी-61, सेक्टर-2 में छापेमारी की। यहां से पुलिस ने मोहित कुमार और आदेश यादव को गिरफ्तार किया। ये लोग इंडिगो एयरलाइंस इंडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो कंप्यूटर, पांच की-पैड मोबाइल फोन, तीन स्मार्ट फोन, एक पैनड्राइव एवं पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त वेबसाइटों से नौकरी तलाश कर रहे लोगों का डेटा लेकर उन्हें इंडिगो एयरलाइंस इंडिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कॉल करते थे। लोगों को विश्वास में लेने के बाद फर्जी जॉब ऑफर लेटर भेजकर रजिस्ट्रेशन एवं प्रोसेसिंग फीस के नाम पर हजारों रुपये की ठगी करते थे। ठगी के बाद प्रयोग की गई सिम को ये लोग नष्ट कर देते थे। इसके बाद कुछ रुपयों का लालच देकर अन्य लोगों के नाम पर नई सिम लेकर उनका उपयोग शुरू कर देते थे। इस गिरोह के खिलाफ 15 से अधिक शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
नोएडा में दो कॉलसेंटरों का पर्दाफाश, एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का देते थे झांसा
19-Jul-2026





