कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने के मामले में पाकिस्तान के गैंगस्टर के खिलाफ जांच करेगी एनआईए

नयी दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा ऑनलाइन माध्यम का उपयोग कर भारतीय युवाओं में कट्टरता को बढ़ावा देने के मामले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोप है कि युवाओं को देश में आतंकवादी हमले करने के लिए तैयार किया जा रहा था। यह जांच उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा इस साल अप्रैल में दर्ज एक मामले के आधार पर शुरू की गई है। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें पाकिस्तान में सक्रिय आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी भी शामिल है। केंद्र सरकार ने इस साल सितंबर में पाकिस्तान स्थित ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (एसबीएन) को विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (रोकथाम) अधिनियम के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया था। केंद्र ने यह कदम इस आकलन के बाद उठाया था कि एसबीएन भारत में आतंकवाद और आतंकवादी गतिविधियों की विभिन्न घटनाओं में शामिल रहा है। एनआईए की प्राथमिकी में अन्य आरोपियों के तौर पर मोहम्मद हमाद बरकती, आबिद जट्ट, मेजर हमीद और मेजर इकबाल के नाम शामिल हैं। ये सभी आईएसआई एजेंट बताए गए हैं। इनके अलावा पाकिस्तान में रहने वाले मेजर अनवर को भी आरोपी बनाया गया है। एजेंसी ने उत्तर प्रदेश निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर को भी मामले में आरोपी बनाया है। उत्तर प्रदेश एटीएस ने इस साल अप्रैल में दोनों को गिरफ्तार किया था। उत्तर प्रदेश एटीएस सोशल मीडिया के जरिये तैयार किए जा रहे पाकिस्तानी ‘स्लीपर सेल’ की मौजूदगी की जांच कर रही थी। इसी दौरान पता चला कि दोनों आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान के एजेंटों के सीधे संपर्क में थे और किसी बड़ी घटना की साजिश रच रहे थे। उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया था कि जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी, जट्ट और कट्टरपंथी विचारों वाले पाकिस्तानी यूट्यूबर कथित तौर पर आईएसआई के निर्देश पर भारतीय युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे थे। वे युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर देश की आंतरिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए उकसा रहे थे।