जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने सांप के जहर के मामले में यूट्यूबर एल्विश यादव के खिलाफ 2023 में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर रद्द कर दी है। मामले की बात करें तो ये साल 2024 नवंबर का है। इस दौरान नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव समेत उनके कुछ साथियों पर रेव पार्टी में अवैध तरीके से सांप के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इस केस में नोएडा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में यूट्यूबर एल्विश यादव को गिरफ्तार भी किया था। नोएडा के थाना सेक्टर-49 में पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के पदाधिकारी गौरव गुप्ता ने एल्विश यादव और उसके साथियों पर सांपों के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
इस मामले में सुनवाई के दौरान एल्विश यादव ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा था कि उन्हें गलत आरोपों में फंसाया जा रहा है। इसके बाद एल्विश यादव को इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली थी। इसके बाद एल्विश यादव ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करते हुए कहा था कि उनके खिलाफ गलत आरोप लगाए गए हैं। अब उनकी इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ हुई एफआईआर को रद्द कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों रद्द की FIR?
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि एल्विश यादव के खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त और ठोस सबूत रिकॉर्ड पर मौजूद नहीं हैं।अदालत ने यह भी माना कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में प्रक्रिया और तथ्यों को लेकर गंभीर कमियां हैं।
एल्विश यादव ने जीते हैं कई सारे टीवी शोज
एल्विश यादव सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और यूथ के बीच उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। उन्होंने सबसे पहले सलमान खान के शो बिग बॉस ओटीटी 2 में हिस्सा लिया था और वे इस शो के विनर रहे थे। इसके बाद से वे प्लेग्राउंड सीजन 4, लॉफ्टर शेफ और एमटीवी रोडीज जैसे शोज अपने नाम कर चुके हैं।





