जनप्रवाद ब्यूरो, लखनऊ: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के चल रहे युद्ध का असर देश भर में देखने को मिल रहा है। देश के अलग- अलग हिस्सों से गैस सिलेंडरों के लिए लोगों की लंबी कतार लगी होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीरवार को उत्तर प्रदेश के बस्ती और सिद्धार्थनगर जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। सूत्रों के अनुसार, बस्ती जिले के बनकटी ब्लॉक के महादेवा चौराहे पर स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए तड़के चार बजे से ही खासी भीड़ उमड़ी।

सुबह लगभग सात बजे जब एजेंसी का दरवाजा खुला तो लोग सिलेंडर लेने के लिए अंदर की ओर दौड़ पड़े। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान कई लोग सिलेंडर सिर और कंधे पर रखकर तेजी से भागते नजर आए जिससे मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। बस्ती के जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला के 2.07 लाख और सामान्य श्रेणी के तीन लाख उपभोक्ता हैं। गैस आपूर्तिकर्ता कंपनियों ने नया नियम बनाया है कि अब 80 प्रतिशत गैस की बुकिंग ‘वन टाइम पासवर्ड’ के माध्यम से होगी, पहले यह 30 प्रतिशत थी, जिसकी वजह से बहुत से कनेक्शन रेगुलर की श्रेणी से बाहर हो गए जिनको अब केवाईसी के माध्यम से नियमित किया जा रहा है और इसके लिए गैस एजेंसियों पर कर्मचारी तैनात किये गये हैं।
सिद्धार्थनगर में भी घरेलू गैस के लिए लोगों की कतार
सिद्धार्थनगर जिले में भी घरेलू गैस के लिए गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतार देखने को मिल रही है हालांकि, जिलाधिकारी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से अपील भी जारी की थी, लेकिन इस अपील का कोई भी असर धरातल पर देखने को नहीं मिल रहा है।

गैस एजेंसियों पर लग रही लंबी कतारों के बारे में बर्डपुर ब्लॉक चौराहा स्थित सिद्धार्थनगर गैस सर्विस के प्रबंधक का कहना है कि जिले में फिलहाल गैस की कोई भी किल्लत नहीं है। उन्होंने कहा कि समस्या यह है कि अफवाहों से प्रभावित लोग अपने घरों में खाली बचे सिलेंडरों की जगह भरे हुए सिलेंडर जमा करना चाहते हैं, चाहे उन्हें इसकी जरूरत हो या ना हो। जिलाधिकारी शिव शरणअप्पा जीएन ने लोगों से संयम बरतने और जरूरत पर ही गैस लेने की अपील की है।





