इंडक्शन और बिजली से चलने वाले चूल्हों की मांग में जबरदस्त इजाफा, क्विक कॉमर्स पर 10 गुना बढ़ गई है मांग 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  इजरायल- ईरान युद्ध के चलते देश भर में LPG गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है हालांकि सरकार की ओर से लगातार स्थिति सामान्य होने का आश्वासन दिया जा रहा है। भ्रम के कारण ही देश भर में इंडक्शन और बिजली से चलने वाले चूल्हों की मांग में इजाफा दर्ज किया गया है। इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर लोगों ने तेजी से इंडक्शन स्टोव खरीदना शुरू कर दिया जिससे कई प्रोडक्ट आउट ऑफ स्टॉक हो गए हैं। 24 घंटे में इंडस्क्शन स्टोव की मांग क्विक कॉमर्स पर 10 गुना और ई-कॉमर्स पर 20 गुना तक बढ़ गई है। वहीं इंडक्शन स्टोव बनाने वाली कुछ कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई है।

क्विक कॉमर्स वेबसाइट पर दी जा रही है छूट 
ब्लिंकिट पर इंडक्शन कुकटॉप पर भारी छूट दी जा रही है, लेकिन अधिकांश प्रोडक्ट पहले ही स्टॉक से बाहर हो चुके हैं और केवल कुछ ही विकल्प बचे हैं। इसके अलावा इंस्टामार्ट पर भी भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर भी ज्यादातर इंडक्शन स्टोव बिक चुके हैं। जो बचे हैं, उनका स्टॉक काफी कम है। जेप्टो भी प्रीमियम किचन अप्लायंसेज पर जबरदस्त छूट दे रहा है लेकिन इंडक्शन स्टोव का स्टॉक यहां भी बहुत ज्यादा नहीं है। इसके अलावा बिगबॉस्केट पर भी किचन अप्लायंसेज पर भी भारी छूट दी जा रही है। बिग बास्केट ने बताया कि सोमवार से अब तक इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री 5 गुना बढ़ गई है। कंपनी अपने मासिक अनुमान को तीन गुना तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है। अमेजॉन, फ्लिपकार्ट जैसी वेबसाइट्स पर भी पिछले 4 से 5 दिनों में इंडक्शन की कीमतों में 10 से 20 गुनी तक की बढ़ोतरी हुई है। 

LPG सप्लाई और कीमतों को लेकर चिंता
विशेषज्ञों के अनुसार मेट्रो शहरों में जहां लोग एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं, वहां गैस की संभावित कमी की आशंका से लोग वैकल्पिक विकल्प के तौर पर इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं। इस बीच सरकार ने कमर्शियल LPG सप्लाई पर रोक लगाई है, इससे भी लोगों में भ्रम की स्थिति बढ़ रही है। LPG सिलेंडर बुकिंग के लिए न्यूनतम इंतजार अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है ताकि जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकी जा सके।