जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। अंतरिक्ष से बड़ी खबर सामने आई है। वैज्ञानिकों ने पृथ्वी का दूसरा चांद खोज लिया है। खोजकर्ताओं के अनुसार एक एस्टेरॉयड सूर्य के साथ पृथ्वी का भी चक्कर लगा रहा है। इसका नाम 2026 क्यूक्यू 8 रखा गया है। यह लगभग दो साल तक पृथ्वी की परिक्रमा करेगा। इसके बाद गुरुत्वाकर्षण से प्रभावित होकर अंतरिक्ष में अपने रास्ते पर निकल जाएगा।
हमारा सौर मंडल बेहद रहस्यमयी
हमारा सौर मंडल बेहद रहस्यमयी है। इसके बारे में जितनी खोज की जाए उतनी ही कम पड़ जाती है। वैज्ञानिक लगातार इस क्षेत्र में शोध कर रहे हैं। इसी क्रम में अब वैज्ञानिकों ने पृथ्वी के एक और चांद की खोज की है। वैज्ञानिकों इसे नया क्वासी-मून बता रहे हैं। बता दें कि मिनी-मून अस्थायी रूप से पृथ्वी की कक्षा में कैद हो जाते हैं यानी ये कुछ हफ्ते या महीनों तक ही दिखाई देते हैं। वहीं क्वासी-मून सालों तक संबंधित ग्रह की परिक्रमा करते हैं। अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने इसे मिनी मून का भी उपनाम दिया है। 2026 क्यूक्यू 8 नाम का यह छोटा सा एस्टेरॉयड भी पृथ्वी के साथ सूर्य की परिक्रमा कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह छोटा सा एस्टेरॉयड पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण में फंस गया था। तब से यह पृथ्वी के चारों ओर चक्कर लगा रहा है। इसकी खोज हंगरी के जाने-माने एस्टेरॉयड हंटर और अंतरिक्ष वैज्ञानिक क्रिस्टियन सारनेजस्की ने की है। नया चांद 2027 में पहले पृथ्वी के डेढ़ चक्कर पूरा कर लेगा। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 2028 तक यह गुरुत्वाकर्षण के प्रभाव से अपनी परक्रिमा पथ से अलग होकर अंतरिक्ष में वापस लौट जाएगा।
इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट में खुलासा
इंडिपेंडेंट ने अपनी रिपोर्ट में क्रिस्टियन सारनेजस्की के हवाले से इस बारे में कई जानकारियों साझा की हैं। इसमें बताया गया है कि सारनेजस्की ने इस एस्टेरॉयड को सबसे पहले अगस्त महीने में देखा था। इसके बाद इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन के माइनर प्लैनेट सेंटर ने नवंबर में अपनी रिपोर्ट साझा की। बता दें कि यह संस्था खगोल विज्ञान के क्षेत्र में काम करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी और सर्वोच्च पेशेवर संस्था है। इसका मुख्यालय पेरिस में है। माइनर प्लैनेट सेंटर का काम अंतरिक्ष में मौजूद छोटे खगोलीय पिंडों से जुड़ा डेटा एकत्र करने, उनकी गणना करने और उन्हें आधिकारिक पहचान देना है।
2026 क्यूक्यू 8 रखा नाम
रिपोर्ट में एस्टेरॉयड 2026 क्यूक्यू 8 के परिक्रमा पथ के आधार पर बताया गया है कि यह आमतौर पर हर 359 दिन में सूरज का चक्कर लगाता है। यह लगभग हर 10 साल में पृथ्वी के पास से गुजरता है। वैज्ञानिकों ने बताया है कि यह पृथ्वी की परिक्रमा के दौरान सबसे करीब होने पर हमारे गृह से लगभग 568,000 किलोमीटर दूर होगा। बता दें कि यह चंद्रमा से पृथ्वी के बीच की औसत दूरी का लगभग डेढ़ गुना है। माइनर प्लैनेट सेंटर के वैज्ञानिकों के अनुसार एस्टेरॉयड का क्षेत्रफल लगभग 2 मीटर है। ऐसे में इस एस्टेरॉयड से पृथ्वी को कोई खतरा नहीं है। इसके पृथ्वी की कक्षा में प्रेवश करने की संभावना न के बराबर है। वहीं वैज्ञानिकों ने यह भी अनुमान जताया है कि अगर किसी कारण वश यह पृथ्वी के वातावरण में प्रवेश करता है तो यह घर्षण से जलकर खुद खत्म हो जाएगा। दूसरी ओर कई अन्य वैज्ञानिक यह भी संभावना जता रहे हैं कि यह चांद का हिस्सा हो सकता है। यह टक्कर के बाद उससे अलग होकर अंतरिक्ष में एस्टेरॉयड के रूप में सूर्य का चक्कर लगा रहा है। अगर इसकी चमक के बारे में बात की जाए तो यह मैग्निट्यूड 26 है। यानी यह बहुत मंद है। ऐसे में इसे खुली आंखों से देखना नामुमकिन है। इसे अच्छे टेलीस्कोप से ही देखा जा सकता है। कुल मिलाकर यह खोज बताती है कि हमारा सौरमंडल बेहद रहस्यमयी है। इस बारे में लगातार खोज करने की आवश्यकता है।





