भारत बनाएगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, चीन-पाक की बढ़ेगी टेंशन

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। चीन की टेंशन बढ़ाने के लिए मोदी सरकार ने मेगा प्लान तैयार किया है। इसके तहत 498 किलोमीटर लंबी बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 5,256 मीटर ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन भी बनेगा। इससे न सीमा तक न केवल सेना की पहुंच आसान होगी बल्कि आम लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा। दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज उद्घाटन के बाद अब मोदी सरकार भारत में सबसे ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने की प्लानिंग कर रही है। 489 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर करीब 270 किलोमीटर का हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। तंगलंग ला दर्रे के नीचे 5,256 मीटर की ऊंचाई पर रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बन सकता है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 1.31 लाख करोड़ रुपए है। इस प्रोजेक्ट से चीन और पाकिस्तान की टेंशन बढ़ना तय है। सेना के लिए यह रूट गेमचेंजर साबित होगा। इस परियोजना के पूरी होने पर देश के रेलवे इतिहास में नया अध्याय जुड़ जाएगा। अगर यह योजना तय रूपरेखा के मुताबिक पूरी होती है तो भारत चीन के मौजूदा रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगा।

बता दें कि तंगलंग ला दर्रे के नीचे प्रस्तावित रेलवे समुद्र तल से करीब 5,256 मीटर की ऊंचाई पर बनाने की योजना है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन होगा। फिलहाल दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड चीन के तांगगुला रेलवे स्टेशन के नाम है। यह स्टेशन चीन की छिंगहाई-तिब्बत रेलवे लाइन पर स्थित है और समुद्र तल से करीब 5,068 मीटर की ऊंचाई पर है। भारत में प्रस्तावित स्टेशन इससे करीब 188 मीटर ज्यादा ऊंचाई पर होगा।  इतनी ऊंचाई पर पहाड़ियों के बीच ट्रेन चलाने का प्रोजेक्ट आसान नहीं है। सालों से इस पर बात चल रही थी। अब रेल मंत्रालय ने इसका सर्वे पूरा कर लिया है। इसके बाद इस योजना को मोदी सरकार ने हरी झंडी दिखाई है। इस परियोजना की खास बात सिर्फ दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन ही नहीं है, बल्कि इसमें बनने वाली लंबी सुरंगें और कठिन पहाड़ी रास्ते भी हैं। करीब 489 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन में लगभग 270 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। हिमालयी क्षेत्र में सुरंगों का निर्माण करना आसान नहीं होता। यहां पहाड़ों की चट्टानों की बनावट अलग-अलग है। इसके अलावा अत्यधिक ऊंचाई पर आॅक्सीजन की कमी, बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट भी निर्माण कार्य को प्रभावित कर सकती है। यह दुरुह रेल मार्ग हिमालय के उन इलाकों से होकर गुजरेगा, जहां भौगोलिक परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हैं। यहां न केवल ऊंचे पहाड़ है बल्कि गहरी घाटियां, बर्फबारी और खराब मौसम निर्माण कार्य को मुश्किल बना सकते हैं। यही वजह है कि इस परियोजना को भारत की सबसे चुनौतीपूर्ण रेल परियोजनाओं में गिना जा रहा है। ऐसे में इस इलाके में सड़क बनाना ही इंजीनियरिंग के लिहाज से बड़ी चुनौती है। प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेलवे लाइन हिमाचल प्रदेश को लद्दाख से जोड़ने का काम करेगी।  इसमें बिलासपुर, सुंदरनगर, मंडी, मनाली, सिस्सू, दारचा, केलांग, सरचू शालि हैं। इसके अलावा रुमत्से, उपशी और खारू जैसे स्थान इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगे। इस रेल लाइन का अंतिम स्टेशन लेह होगा।

 

बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन सिर्फ यात्री सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा के नजरिए से भी इसकी काफी अहमियत है। इससे लद्दाख तक जरूरी सामान, उपकरण और अन्य आपूर्ति पहुंचाने में मदद मिलेगी। बता दें कि लद्दाख भारत का रणनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र है। मनाली-लेह हाईवे इस क्षेत्र को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रास्ता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और खराब मौसम के कारण कई बार सड़क यातायात प्रभावित हो जाता है। सर्दियों में कुछ रास्तों पर आवाजाही मुश्किल हो जाती है। ऐसे में रेलवे कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों के साथ-साथ सामान और जरूरी संसाधनों की आवाजाही के लिए एक अतिरिक्त विकल्प तैयार होगा।