सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच की दूरी मात्र 55 मिनट में होगी तय, PM मोदी कल करेंगे उद्घाटन

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली से मेरठ के बीच की दूरी कम होने वाली है। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ से मोदीपुरम के बीच अब केवल 55 मिनट में तय की जाएगी। शुक्रवार को  नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने बेगमपुल तक नमो भारत (रैपिड रेल) का ट्रायल रन किया। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली इस ट्रेन ने यह दूरी 39 मिनट में तय की। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी इसका उद्घाटन भी करेंगे।

55 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू
न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ नमो स्टेशन तक दिल्ली-मेरठ नमो कॉरिडोर का लगभग 55 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है  वहीं अब सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक लगभग पांच किलोमीटर का हिस्सा और मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का हिस्सा भी ऑपरेशन के लिए तैयार है।

सार्वजनिक वाहनों पर बढ़ेगी लोगों की निर्भरता
नमो भारत रैपिड रेल के पूरी तरह से चालू होने से लोगों की सार्वजनिक वाहनों पर निर्भरता बढ़ेगी। नमो भारत रेल से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि बिना झटके और आरामदायक सफर से थकान भी कम होगी। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के पूरी तरह चालू होने के बाद, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का हिस्सा 37 परसेंट से बढ़कर 63 परसेंट होने की उम्मीद है। इससे न सिर्फ ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि सड़कों पर भीड़ कम होने से एक्सीडेंट भी कम होंगे। इससे राजधानी और उसके आसपास प्रदूषण का लेवल कम करने में भी मदद मिलेगी।

पूरे कॉरिडोर पर बनाए गए है 16 नमो स्टेशन 
पूरे कॉरिडोर पर 16 नमो भारत स्टेशन विकसित किए गए हैं। इनमें जंगपुरा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार (भूमिगत), साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल (भूमिगत) और मोदीपुरम शामिल हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर लगाए गए हैं, जो ट्रेन के दरवाजों के साथ समन्वित होकर खुलते-बंद होते हैं। ट्रेनों में 2 गुणे 2 सीटिंग व्यवस्था, प्रीमियम कोच, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, सीसीटीवी, फायर सेफ्टी सिस्टम और चयनात्मक डोर ओपनिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।