उमरिया, एजेंसी। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने पहले हादसे में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी दी थी, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा गहन कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) दिए जाने के बाद मृत समझी गई एक महिला की सांसें लौट आईं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तड़के करीब साढ़े तीन बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भरौला गांव के पास हुआ, जब एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे लगे। सभी पीड़ित अनूपपुर जिले के लिलहाटोला के निवासी थे और सतना जिले के तीर्थस्थल चित्रकूट जा रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि शुरू में पांच लोगों के मारे जाने की सूचना दी गई थी, लेकिन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.एस. चंदेल ने बताया कि कार सवार महिला खुशबू मार्को को पहले मृत समझ लिया गया था। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने गहन सीपीआर दिया, जिसके बाद उनकी सांसें लौट आईं। चंदेल ने बताया कि खुशबू मार्को की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मप्र : खड़े ट्रक से टकराई कार, परिवार के चार लोगों की मौत
09-Jul-2026





