जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। भारतीय हवाई यात्रियों को अब जल्द ही हिडेन चार्ज से राहत मिलने वाली है। भारत सरकार ने सीट चुनने पर लगने वाली अतिरिक्त शुल्क पर रोक लगाने के लिए खास कदम उठाने जा रही है। इसके अलावा सभी एयरलाइंस में यात्रियों के अधिकारों को और प्रगाढ़ करने के लिए कदम उठाए हैं। बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस आॅपरेटरों को निर्देशित किया है कि वे फ्लाइट में 60 प्रतिशत सीटें मुफ्त में चुनने की व्यवस्था करें। सीट सिलेक्शन के नाम पर यात्रियों से की जाने वाली अतिरिक्त वसूली अब बंद होनी चाहिए। सरकार का मकसद हवाई यात्रा को सहज और पारदर्शी बनाना है। बता दें के कई एयरलाइंस सीट चुनने के लिए अतिरिक्त शुल्क चार्ज करती हैं। नए आदेश के तहत अब 60 प्रतिशत सीटें यात्री बिना किसी शुल्क के चुन सकते हैं। इसके अलावा मंत्रालय की ओर से एयरलाइंस से यह भी तय करने को कहा गया है कि एक ही पीएनआर पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आसपास की सीटें ही अलॉट करें ताकि वे एक साथ बैठ सकें। कुछ एयरलाइंस आसपास बैठने के लिए अतिरिक्त शुल्क वसूलती थीं लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसके अलावा अब एयरलाइंस को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए खेल के सामान और संगीत सिस्टम को ले जाने की सुविधा और भी पारदर्शी और यात्री अनुकूल तरीके से देनी होगी।

यही नहीं उनसे यह भी कहा गया है कि वे पालतू जानवरों को ले जाने के बारे में साफ नीतियों की जानकादी दें। अब सभी एयरलाइंस को अपनी वेबसाइट, एप, बुकिंग प्लेटफार्म और काउंटर्स पर सभी अधिकारों को साफ-साफ दिखाना भी होगा। बता दें कि भारत का घरेलू एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। यहां के हवाई अड्डों पर रोजाना पांच लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं।
यही वजह है कि मंत्रालय ने यात्रियों को सुविधाएं मुहैया कराना सबसे बड़ी प्राथमिकता माना है।





