जन प्रवाद, ब्यूरो।
कोलकाता। टीएमसी प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भवानीपुर विधानसभा सीट पर अपनी बड़ी हार को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने चुनाव परिणाम को रद्द करने और वोटों की पुनर्गणना कराने के साथ ही उचित राहत देने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। यह याचिका भवानीपुर विधानसभा चुनाव के आधिकारिक परिणाम घोषित होने के कुछ दिनों बाद दायर की गई है। चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15015 वोटों के अंतर से हराया था। इतने बड़े अंतर से हार को ममता पचा नहीं पा रही हैं। चूंकि, भवानीपुर उनका गढ़ माना जाता था।

यह सीट उनके लिए बिल्कुल सुरक्षित समझी जा रही थी। टीएमसी लगातार यहां से सीट जीतती आ रही है। हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए चुनाव में भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी ने जीत हासिल की। इसके अलावा वे नंदीग्राम सीट से भी चुनाव लड़े थे। वहां से भी उन्होंने जीत हासिल की थी। चुनाव नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल का सीएम कौन होगा इसके लिए भाजपा ने काफी समय दिया और नाम व उनकी सहमति मांगी थी। काफी प्रयास के बाद भी शुभेंदु के अलावा दूसरे किसी भी नेता का नाम नहीं आया। अंतत: पश्चिम बंगाल से शुभेंदु अधिकारी को सीएम बनाया गया। सीएम बनने के बाद से वे लगातार कई बड़े निर्णय ले चुके हैं। बॉर्डर एरिया में तार फेंसिंग के अलावा वसूली गैंग और अपराधियों पर भी नकेल कसी जा रही है।





