युद्ध में मारे गए रूस के सात लाख से ज्यादा सैनिक

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। लगभग पांच वर्ष से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है। नई रिपोर्ट के अनुसार इस युद्ध में रूस के सात लाख से ज्यादा सैनिक मारे गए हैं। वहीं यूक्रेन के भी 2 लाख सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। युद्ध की इस दर्दनाक कहानी के सामने आने के बाद युद्ध की मानवीय कीमत पर सवाल उठने लगे हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। इससे पता चलता है कि सैनिक परिवारों ने दो देशों के युद्ध में अपना बहुत कुछ खो दिया है। रिपोर्ट ने रूस और यूक्रेन के बीच करीब पांच साल से जारी युद्ध की भयावहता को उजागर किया है। रूसी सरकार के लीक हुए दस्तावेजों की जांच में सैनिकों के जान गंवाने वाले आंकड़े सामने आए। अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार स्वतंत्र रूसी मीडिया संस्थानों मेडुजा और मीडियाजोना ने अनुमान लगाया है कि यूक्रेन युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे जा चुके हैं। वहीं यूक्रेन के भी दो लाख सैनिक मारे गए हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो दोनों देशों के करीब नौ लाख सैनिक मारे गए हैं। साथ ही करीब 1,000 सैनिकों ने आत्महत्या कर ली है।  इसी के चलते सरकार प्रतिवर्ष चार लाख युवाओं को सेना में भर्ती कर रही है जिससे युद्ध में वह मुकाबले की स्थिति में बनी रहे। 
रूसी सरकार के आंकड़ों 

बता दें कि रूस की सरकार भी अपने आंकड़ों में 2025 तक युद्ध में करीब पांच लाख सैनिकों के मारे जाने की बात मान रही है। 2026 में हुए नुकसान की जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। यहां देखने वाली बात यह है कि सैनिकों की संख्या में आई इस कमी की भरपाई करने के लिए ही रूसी सेना बड़े पैमाने पर सैनिकों की भर्ती कर रही है। उत्तर कोरिया के सैनिकों की मदद ले रही है और अन्य देशों के नागरिकों को सैन्य मोर्चों पर भेज रही है। हैक किए गए सरकारी आंकड़ों पर आधारित यह रिपोर्ट बताती है कि राष्ट्रपति  पुतिन अपने युद्ध लक्ष्यों को हासिल करने के लिए किस हद तक मानवीय क्षति स्वीकार करने को तैयार हैं। रूस से निर्वासित होकर काम करने वाले दो मीडिया संस्थानों मेदुजा और मीडियाजोना ने यह नया आकलन जारी किया है। इस एजेंसी ने रूसी राज्य सांख्यिकी सेवा रोसस्टैट के उन गोपनीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया, जिन्हें हाल के हफ्तों में यूक्रेन समर्थक दो हैकर समूहों ‘साइबर पार्टिसंस आॅफ बेलारूस’ और ‘साइलेंट क्रो’ ने हैक कर मीडिया को सौंपा था। यह नया आंकड़ा युद्ध में रूसी नुकसान के पिछले सभी अनुमानों से कहीं अधिक है। क्रेमलिन ने अपने नागरिकों से यह जानकारी छिपाकर रखी है, जिससे आम रूसियों को मोर्चे पर हो रही तबाही का बेहद कम अंदाजा है।
यूक्रेन के 2 लाख सैनिक शहीद

वॉशिंगटन स्थित सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुमान के अनुसार जून तक इस युद्ध में एक लाख पचास हजार यूक्रेनी लड़ाके मारे जा चुके हैं। वहीं, यूक्रेनी मौतों का हिसाब रखने वाली दो वेबसाइटों लॉस्टआर्मर और यूए लॉसेस ने मारे गए सैनिकों की संख्या दो लाख से अधिक बताई है। यही नही करीब सवा लाख सैनिकों को अब भी पता नहीं चल सका है।
नीदरलैंड ने दिया बड़ा बयान 

दूसरी ओर रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने में भारत की भूमिका को लेकर नीदरलैंड ने बड़ा बयान दिया है। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने कहा है कि रूस के साथ भारत के अच्छे संबंध दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक अतिरिक्त ताकत हैं। भारत अपने पुराने संबंधों का इस्तेमाल करके रूस को युद्ध खत्म करने और संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए समझा सकता है। बेरेंडसन ने यह बात भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता और रूस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने से जुड़े सवाल पर कही। उनका मानना है कि भारत और नीदरलैंड के बीच सहयोग वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भी मददगार हो सकता है। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन 22 और 23 नवंबर को भारत के आधिकारिक दौरे पर थे। उन्होंने  विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ पहली विदेश मंत्री स्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की गई। बेरेंडसन ने कहा कि भारत का अपना इतिहास, दुनिया में अपनी भूमिका और दूसरे देशों के साथ अपने संबंध हैं। नीदरलैंड भारत के रूस के साथ रिश्तों को सकारात्मक रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि भारत इन संबंधों का इस्तेमाल रूस को युद्ध रोकने और संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए समझाने में कर सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध पांचवें साल में पहुंच चुका है। दोनों तरफ से हमले तेज हैं। रूस यूक्रेन के शहरों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रहा है, जबकि अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही शांति वार्ता में कैदियों की अदला-बदली के अलावा खास प्रगति नहीं हुई है।