जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित होटल कांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फरार आरोपी सलमान को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर के दौरान सलमान घायल हो गया। सलमान पर होटल में हिंदू युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और शादी का जबरन दबाव बनाने का आरोप है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि वह सलमान के चंगुल से भाग गई थी, इसके बाद आरोपी ने सड़क पर उसकी पिटाई की और उठाकर ले गया।

बुधवार सुबह जब पुलिस ने उसे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया तो सामने आए वीडियो में वह गिड़गिड़ाता हुआ नजर आ रहा है। वह कह रहा है कि सर जी हमसे गलती हो गई, हमें माफ कर दो। वहीं पुलिसकर्मी से कंघे पर टांगकर लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस द्वारा जारी किए गए प्रेस नोट में अवगत कराया गया है कि मेरठ की लोहिया नगर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को मुठभेड़ के बाद थाना सदर बाजार में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के पास जब उसने अपने आप को घिरता देखा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसने पुल पर चढ़कर भागने की कोशिश की, जिससे वह नीचे गिर गया और उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी रोहटा क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर मेरठ व गाजियाबाद के थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में सबूत जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





