जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। सूत्रों की मानें तो कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया आज ही अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे वे आधिकारिक तौर पर अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। उनके इस्तीफा देने के बाद डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार सीएम पद पर आसीन हो जाएंगे। इससे पूर्व सिद्धारमैया ने कैबिनेट सहयोगियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की थी। इस महत्वपूर्ण बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों को सूचित कर दिया कि वे लंच के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारियों को छोड़ देंगे।



बता दें कि गुरुवार को सीएम सिद्धारमैया ने अपने आधिकारिक आवास पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के कलिए नाश्ते की मेजबानी की थी। बैठक में डीके शिवकुमार सहित कई अन्य मंत्री शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा की गई तस्वीरों में सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच की दूरियां मिटती दिखीं। एक तस्वीर में सिद्धारमैया शिवकुमार को गले लगते नजर आ रहे हैं। वहीं एक दूसरी तस्वीर में शिवकुमार सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार सीएम बनने से पहले उनका आशीर्वाद ले रहे हैं।
सूत्रों की माने तो इस्तीफा देने का यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है। सिद्धारमैया पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष उन्हें पद छोड़ने के लिए कहेंगे तो वह सहर्ष ऐसा कर देंगे।इससे पहले मंगलवार को भी सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था। वहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल व रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच लगातार अहम बैठक हुई थी।





