झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, वित्त मंत्री ने एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया

रांची, एजेंसी। झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को शुरू हुआ। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने की मांग करते हुए इसके खिलाफ प्रस्ताव पेश किया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि यह सत्र राजनीति से प्रेरित है और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार एसआईआर के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। सत्र के दौरान सदन में एसआईआर प्रक्रिया और अगस्त में संसद में पारित संशोधित खान कानून पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 

एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पेश करते हुए किशोर ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में प्रक्रियागत जटिलताओं और तकनीकी खामियों के कारण मतदाताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड के 2.21 करोड़ मतदाताओं में से 27 प्रतिशत को संदिग्ध मानते हुए नोटिस भेजे गए।’’ भारत निर्वाचन आयोग पर केंद्र की ‘‘कठपुतली की तरह काम करने’’ का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना ‘‘जरूरी’’ है। किशोर ने कहा, ‘‘एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रोकने और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत एक नयी मानक संचालन प्रक्रिया जारी करने की आवश्यकता है।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने किशोर के प्रस्ताव का विरोध किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने एसआईआर को लेकर राज्य सरकार पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘एसआईआर से मतदाता सूची का शुद्धिकरण हो रहा है। लेकिन सरकार भ्रम फैला रही है।’’ उन्होंने सदन में दावा किया कि सरकार ने 7.63 लाख मृत मतदाताओं, 15.53 लाख स्थानांतरित मतदाताओं, 4.38 लाख ऐसे मतदाता जिनके नाम दो बार आए हैं और 14.50 लाख लापता मतदाताओं का ब्योरा छिपाया है। एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा में एसआईआर से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा होनी है, जिसके बाद प्रस्ताव पर मतदान होने की उम्मीद है। सदन से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव केंद्र और अन्य सक्षम प्राधिकारियों को भेजा जाएगा।