जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी की एक दर्जन मोटरसाइकिल, दो स्कूटी व दो चाकू बरामद किए हैं। इस बाबत डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी दी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से दो पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम उर्फ शूटर पुत्र अजय कुमार, अभिषेक पुत्र संजय, अजीत कुमार पुत्र गुड्डु एवं गौरव कुमार पुत्र सुनील कुमार शामिल है। पुलिस ने इन्हें गुलिस्तानपुर अंडरपास से एलजी कम्पनी की तरफ जाने वाले रोड़ से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी व दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद दुपहिया वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। अभियुक्तों ने चोरी की गयी मोटरसाइकिल को मोजरवियर गोलचक्कर से आगे सर्विस रोड़ पर रेलवे पुल के पास बने कच्चे रास्ते पर जंगल मे छिपाकर रखा था।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बहुत ही शातिर किस्म के अभ्यस्त अपराधी हैं। इनका एक अन्तर्राज्यीय गिरोह है। यह लोग दिल्ली, एनसीआर, ग्रेटर नोएडा-नोएडा क्षेत्र में रैकी कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिल को रेलवे पुल के किनारे बने कच्चे रास्ते पर जंगल में इकट्टा करते थे और उसके बाद मौका पाकर जरूरत के हिसाब से सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी कर रही है।
————————————————————————-





