जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। लखनऊ अग्निकांड के बाद सीएम योगी ने प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के विभिन्न संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं मानव सुरक्षा मानकों की जांच की गई। विशेष जांच अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारियों, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की संयुक्त टीम शामिल हैं। समस्त टीम कोचिंग सेंटर, होटल एवं अन्य संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं, आवश्यक अभिलेखों, पंजीकरण, अग्निशमन उपकरणों तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों की जांच की जा रही हैं।
उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह व उनकी टीम ने जेवर स्थित बालाजी गेस्ट हाउस, एसआर प्लाजा खुर्जा रोड जेवर, दी ग्रैंड होटल खुर्जा रोड जेवर तथा जेपी वेलवेट होटल खुर्जा रोड जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया। इनमें से बालाजी गेस्ट हाउस में खामियां पाए जाने पर मौके पर ही सील किया गया तथा शेष तीन को नोटिस जारी किए गए।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों में मानकों के अनुपालन की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को 46 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं पाए जाने पर पांच कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। वहीं नोएडा सेक्टर-16 एवं सेक्टर-18 क्षेत्र में 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से दो संस्थानों को सील किया गया।

नोएडा सेक्टर-22 क्षेत्र में चार कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से दो संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया कि आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित मानकों की पूर्ति होने तक किसी भी प्रकार की कोचिंग गतिविधि संचालित न की जाए। इसके अलावा नोएडा सेक्टर-58 एवं सेक्टर-62 क्षेत्र में भी छह कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जनपद में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत दो दिवसों में कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से नौ कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है तथा 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संस्थानों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवन सुरक्षा, मानव सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों, पंजीकरण एवं अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अभिलेखों की कमी अथवा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में यह विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





