एक सर्जरी से घटाएं 15 से 20 किलो वजन, इस सरकारी अस्पताल में शुरु हुई मुफ्त मोटापे की सर्जरी

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली:  मध्यप्रदेश में इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय मोटापा घटाने की सर्जरी करने वाला पहला सरकारी अस्पताल बन गया है। यहां डॉक्टरों की टीम की मदद से एक महिला की सफलतापूर्वक सर्जरी की गई है। पहले इस महिला का वजन 120 किलोग्राम था लेकिन सर्जरी के बाद वजन 97 रह गया है। सोमवार को इसकी औपचारिक शुरुआत की गई है।

इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) डॉ. सुदाम खाड़े ने एमवायएच के सर्जरी विभाग में बेरियाट्रिक क्लीनिक का उद्घाटन किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इन दिनों समाज में मोटापा एक ज्वलंत समस्या बनकर उभरी है। मोटापे के कारण लोगों को मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं हो रही हैं। इसके मद्देनजर हमने एमवायएच में मोटापा घटाने की बेरियाट्रिक सर्जरी की सुविधा शुरू की है। यह शासकीय क्षेत्र में प्रदेश की अपनी तरह की पहली सुविधा है। 

आयुष्मान कार्ड वाले मरीज को भी मिलेगी सुविधा
महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में इस सुविधा का लाभ आयुष्मान कार्ड धारकों को भी मिलेगी। निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी कराने के लिए चार से 4 लाख रुपए लगते है लेकिन यहां अस्पताल में मरीजों को यह सुविधा निशुल्क दी जाएगी। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि एमवाय अस्पताल में बेरियाट्रिक सर्जरी की सुविधा लगभग 10 वर्ष पूर्व शुरू की गई थी किंतु तकनीकी कारणों से पिछले दो वर्षों से यह सेवा बंद थी। वर्तमान में मोटापे से ग्रसित मरीजों की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए इस सेवा को पूर्ण रूप से नियमित किया जा रहा है। 23 फरवरी से शुरू होने वाली ओपीडी में मरीज अपनी जांच करवा सकेंगे।

गलत लाइफस्टाइल से लोग हो रहे मोटापे का शिकार 
विशेषज्ञों का कहना है कि गलत लाइफस्टाइल से इन दिनों लोग मोटापे का शिकार हो रहे है। गलत समय पर खाना, सीटिंग जॉब, धूम्रपान आदि भी मोटापे का एक कारण है। इस तरह की सर्जरी से लोगों को लाभ होगा।