महिला का अधजला शव मिला, जिंदा मिली डेढ़ साल की बच्ची 

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
बिजनौर। थाना नूरपुर क्षेत्र की दौलतपुर चौकी के ग्राम आलमपुर ऐडवा में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ। शव के पास से करीब डेढ़ साल की एक बच्ची भी जीवित अवस्था में मिली, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों और अन्य परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।


वहीं, मौके से मिली मासूम बच्ची को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बच्ची की स्थिति के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की पहचान, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव अधजला अवस्था में कैसे पहुंचा इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।