नितिन हत्याकांड में वांछित गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली, पिस्टल बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वांछित चल रहे दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिनमें से तीन के गोली लगी है। इनके कब्जे से अवैध तमंचा और एक कार बरामद हुई है।

ग्रेटर नोएडा के थाना इकोटेक प्रथम पुलिस टीम इमलिया कट पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। तभी एक कार को रुकने का इशारा किया। कार सवार लोगों ने कार रोकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई में कार सवार दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान सचिन पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम हसनपुर बुलन्दशहर और विपिन उर्फ कल्ला पुत्र सुरेश उर्फ बुग्गा निवासी लुक्सर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा व खोखा कारतूस एवं टाटा पन्च कार बरामद हुई है। दोनों ही नितिन हत्याकांड में वांछित चल रहे थे।
बाइट: साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा

इस बाबत डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने बताया कि 24 फरवरी को थाना इकोटेक प्रथम क्षेत्र के अंतर्गत लुक्सर गांव में दिन दहाड़े कुछ लोगों ने नितिन पुत्र फिरे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिनमें से पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो अभियुक्त सचिन और विपिन फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। सूचना के आधार पर पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। सूचना सही निकली और दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बाइट: साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा