जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सेक्टर-27, नोएडा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक की। बैठक में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े सम्बंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 (एसएसआर) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत 17 से 22 नवंबर तक संचालित 6 दिवसीय विशेष अभियान में प्राप्त फॉर्म-6, 6ए, 7, 8 की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी दिनों में मतदाता पंजीकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समीक्षा के दौरान कहा कि जनपद गौतमबुद्धनगर में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने जनपद गाजियाबाद की भांति गौतमबुद्धनगर में भी विशेष प्रयास करते हुए फार्म-6 के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहें। उन्होंने जनपदों में हुए बेहतर कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सुव्यवस्थित कार्ययोजना और समर्पित प्रयासों से गौतमबुद्धनगर भी मतदाता पंजीकरण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आॅनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 के त्वरित एवं सुचारु निस्तारण के लिए अधिकारियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी एईआरओ के लॉगिन पर एक दिन से अधिक फॉर्म लंबित नहीं रहना चाहिए तथा आॅनलाइन आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन सही बूथ लेवल अधिकारी को आवंटित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक एईआरओ को अपने क्षेत्र के सेक्टर, आवासीय सोसायटी, संबंधित मतदान केंद्रों एवं उनके क्षेत्राधिकार की पूरी जानकारी रखनी होगी, ताकि आवेदन में दर्ज पते के आधार पर संबंधित मतदाता के सही बूथ की पहचान कर आवेदन तत्काल संबंधित बीएलओ को भेजा जा सके। बीएलओ द्वारा तत्परता से स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा एईआरओ स्तर पर जांच के बाद आवेदन शीघ्र ईआरओ को प्रेषित किया जाए, जिससे ईआरओ नियमानुसार समयबद्ध निर्णय लेकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कर सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता पंजीकरण अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विशेष कैंपों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 18 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तक पहुंच बनाने की बात कही, ताकि अधिकाधिक युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें। महिलाओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं सखी समूहों का सहयोग लेने तथा उनके माध्यम से पात्र महिलाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में बूथ लेवल अधिकारी एवं बूथ लेवल सुपरवाइजर उपलब्ध हैं। बीएलओ शिक्षित एवं तकनीकी रूप से दक्ष हैं तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित कर सकते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें पर्याप्त प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सकें। उन्होंने स्वीकार किया कि बीएलओ के पास अन्य विभागीय दायित्वों के साथ-साथ गणना एवं स्वगणना संबंधी कार्य भी हैं, लेकिन बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ सभी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत अब 16 दिसंबर तक केवल 23 दिन शेष हैं। यह अवधि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन निरंतर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गौतमबुद्धनगर के अधिकारी पूरी निष्ठा, मेहनत एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आगामी समीक्षा में बेहतर परिणाम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर में विशेष रूप से प्रभावी प्रयासों से बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





