जिम्स प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का विरोध, सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में 15 जून से धरने पर बैठे कर्मचारियों पर बुधवार देर रात को लाठी चार्ज करने के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लाठी चार्ज प्रकरण को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन पूर्व सूचना देने के बावजूद कार्यालय में जिलाधिकारी की उपस्थित न देख गुस्साए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए और सूरजपुर-परी चौक मार्ग को जाम कर दिया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह सपा कार्यकत्तार्ओं के बीच पहुंचे और उनको समझा बुझाकर शांत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि सत्ता और अस्पताल प्रशासन के इशारे पर पुलिस द्वारा रात के अंधेरे में शांतिपूर्वक धरने पर बैठे कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करना और महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता और बदसूलकी करना दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। आंदोलनकारी कर्मचारियों को शीघ्र रिहा कर उनकी मांग नहीं मानी गई तो गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी उनका घेराव करेगी।