छत्रपति संभाजीनगर, एजेंसी। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देशभर में ढोल-नगाड़ों और 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन किया जा रहा हैमहाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को 1.65 लाख से अधिक घरेलू गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए 2,500 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न सामुदायिक समूहों द्वारा स्थापित 941 गणेश मंडलों की प्रतिमाओं का भी विसर्जन किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि छावनी क्षेत्र की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि शहर में मुख्य विसर्जन जुलूस राजाबाजार क्षेत्र स्थित संस्थान गणपति मंदिर से शुरू होगा। नगर निगम ने छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 22 स्थान निर्धारित किए हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, छह फुट से अधिक ऊंचाई वाली प्रतिमाओं का विसर्जन हरसूल झील और कायगांव टोका में गोदावरी नदी में किया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 1.65 लाख घरेलू प्रतिमाओं का सुचारू विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए 2,500 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें राज्य रिजर्व पुलिस बल की एक कंपनी, दंगा नियंत्रण पुलिस और 12 अन्य टास्क फोर्स शामिल हैं। पुलिस ने शहर में ध्वनि स्तर की निगरानी के लिए 28 मीटर लगाए हैं। जुलूस मार्ग पर आठ ड्रोन और ड्रोन रोधी बंदूकें भी तैनात की गई हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, पूरे मार्ग की निगरानी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है। 12 दिवसीय गणपति उत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के दिन होता है। इस अवसर पर श्रद्धालु प्राकृतिक जल स्रोतों या कृत्रिम तालाबों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करके भगवान गणेश को विदाई देते हैं। महाराष्ट्र में इस दिन रंग-बिरंगे और भव्य विसर्जन जुलूस निकाले जाते हैं।





