जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा थाना सेक्टर-113 पुलिस ने वेबसाइट एवं एप के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज व इलेक्ट्रानिक सामान बरामद किया है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना पर आॅनलाइन बेटिंग एप व वेबसाइट के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने साई कुमार, पंडाला सतीश, पांडुरंगा एवं उदयकुमार को सेक्टर-79 से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से तीन लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, तीन वाई-फाई राउटर, पांच एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जांच में लैपटॉप एवं मोबाइल में मिले डाटा तथा लक्ष्मी ट्रेडर्स नामक खाते के माध्यम से लगभग 2.4 करोड़ के संदिग्ध आॅनलाइन लेन-देन एवं विभिन्न व्यक्तियों से की गई साइबर ठगी के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियुक्तगण एक संगठित गैंग बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन प्रसारित कर ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट एवं एप के माध्यम से आमजन को पैसे दोगुने करने का लालच देकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।





