ग्रेटर नोएडा | ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों के आभूषण, नकदी, बाइक व अवैध हथियार बरामद किए हैं। वहीं नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से दर्जनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 
डीसीपी सेंट्रल शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस मोजर विजय गोलचक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सामने से दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें आती हुई दिखाई दीं। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो अपने आप को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों के पहचान वकील उर्फरिजवान पुत्र असलम एवं सरफराज उर्फफैज पुत्र शमीम के रूप में हुई है। वहीं उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तर किया है। इनकी पहचान भोले उर्फ भोला पुत्र सरमनलाल एवं अलीजान पुत्र शहीद के रूप में हुई है। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 4 अवैध तंमचा, छह जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त 2 मोटर साइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा एनसीआर के विभिन्न जनपदों से चोरी किए गए करीब
51 लाख रुपए के आभूषण व 12 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। 
डीसीपी ने बताया कि उक्त अभियुक्त मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नोएडा व दिल्ली एनसीआर में रैकी करने के बाद बंद पड़े घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार भोले रैपिडो चालक है जो सोसायटी में घूम फिरकर बंद पड़े मकानों की जानकारी कर अपने अन्य साथियों को उपलब्ध कराता है और उनके साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। 
वहीं नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इस बाबत एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से 67 मोबाइल फोन, छह मोबाइल फोन के फोल्डर लैपटॉप व दो चाकू बरामद किए हैं। एडीसीपी ने बताया कि थाना फेस-1 पुलिस ने सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी गिरफ्तार किया है। ये लोग नोएडा, दिल्ली, एनसीआर व आसपास के क्षेत्रों में भीड़-भाड़ वाले इलाकों व रेड लाइट के पास बाल अपचारी अचानक चलती गाड़ी के सामने आकर चोट लगने का नाटक कर चिल्लाता था और जब वाहन स्वामी गाड़ी से बाहर निकलकर देखता था तभी अभियुक्त गोलू गाड़ी की दूसरी तरफ से खिड़की खोलकर मोबाइल फोन चोरी करके भाग जाता था। गिरफ्तार अभियुक्त राहगीरों के जेब से मोबाइल फोन, स्नैचिंग व पीजी व बंद पड़े मकानों से चोरी की वारदात करने में माहिर हैं। इसके बाद राहगीरों को मजबूरी बताकर सस्ते दामों पर बेच देते थे और जो फोन नहीं बिकते थे उनके पार्ट्स बेच देते थे। मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन पुत्र वैधनाथ एवं गोलू पुत्र विकास निवासी नयाबांस शामिल हैं। इसके अलावा एक बाल आपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से ढेर सारे उपकरण व 67 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में चार अभियुक्त गिरफ्तार, बंद घरों की रेकी कर करते थे चोरी
06-Jun-2026





