जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोमवार सुबह नोएडा सेक्टर-119 स्थित एक हाई-राइज हाउसिंग सोसाइटी के फ्लैटों में भीषण आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-113 थाना अंतर्गत आने वाले सेक्टर-119 की अरण्य सोसाइटी के कई फ्लैटों में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई।

बताया जा रहा है कि एक फ्लैट में ऐसी फटने से आग लगी इसके बाद आसपास के फ्लैटों में आग फैल गई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर आग लगने के कारण को स्पष्ट नहीं किया गया है। फायर विभाग की टीम ने समय रहते फ्लैटों में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आसपास के फ्लैटों को भी एहतियातन खाली करा दिया है। हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। इस संबंध में सीएफओ गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि आग को पूर्ण रूप से बुझा लिया गया है। इस घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में अग्निकांड के बाद से काफी सतर्क हैं। उन्होंने नोएडा में आग लगने की घटना का तुरंत संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। योगी ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया। प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सीएम ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही घायलों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





