जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। अंजना ओम कश्यप ने कोचिंग सेंटर वालों पर तंज क्या कस दिया कि बिहार में दो कोचिंग सेंटर खान सर और आनंद सर का विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोचिंग सेंटर पर गोलीबारी करने के आरोप में आनंद सर के जेल जाने के बाद अब फैजल खान उर्फखान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया गया है। इस मामले में कल फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद खान सर के दो गार्ड को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए थे। सूत्रों की मानें तो फैजल खान का नाम उसी प्राथमिकी में जोड़ा गया है। एफआईआर में खान सर की मौजूदगी में फायरिंग के आरोप हैं। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा में नाम आने के बाद अगर कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली तो खान सर का जेल जाना तय है।

एफआईआर में अपना नाम जोड़े जाने के बाद खान सर ने मीडिया चैनलों से बातचीत में कहा कि घटना के समय सुरक्षा गार्ड ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। खान सर ने मंगलवार की रात घटना के बाद दावा किया था कि उनके कोचिंग पर हमले के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई है। अगली सुबह उन्होंने इस दावे से पीछे हटते हुए कहा कि उन्होंने घटना के बाद अफरातफरी के बीच वही कहा था जो उनको गार्ड ने बताया था। गुरुवार की सबह रौशन आनंद के कोचिंग ज्ञान बिंदु ने फैजल खान के गार्ड का फायरिंग करता वीडियो दिखाकर पुलिस से खान सर पर एक्शन लेने की मांग की थी। इस मामले में खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके हथियार जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए थे। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में पुलिस का अगला एक्शन क्या होगा।





