बॉलीवु़ड एक्टर सोनू सूद करेंगे दुबई में फंसे हुए लोगों की मदद, सुरक्षित और निशुल्क आवास उपलब्ध कराने की कही बात 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: बॉलीवु़ड एक्टर सोनू सूद ने अब दुबई में फंसे लोगों की मदद करने का बीड़ा उठाया है। सोनू सूद ने दुबई में फंसे मजबूर लोगों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की बात कही है। अभिनेता का कहना है कि बिना किसी शर्त और पैसे के वे उन सभी लोगों की मदद करेंगे जिनके पास उन हालातों में रहने के लिए सुरक्षित आवास नहीं बचा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर आप या आपके किसी परिचित के पास रहने की जगह नहीं है तो वो सीधा इंस्टाग्राम के जरिए उनसे कॉन्टैक्ट कर सकते हैं। यह सहायता केवल भारतीयों के लिए ही नहीं बल्कि सभी जरुरतमंदों के लिए रखी गई है।

सोनू सूद हमेशा से ही लोगों की निस्वार्थ मदद के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले सोनू सूद ने एक्टर राजपाल यादव की भी मदद की। सोनू सूद की मदद के आह्रान के बाद बॉलीवुड के अन्य एक्टर भी राजपाल यादव की मदद करने के लिए आगे आए हालांकि एक्टर राजपाल यादव ने बाद में यह कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि उन्हें काम या पैसों की जरूरत है। उनके पास काम की आज भी कमी नहीं है। उन्होंने अपने नए यूट्यूब चैनल के जरिए यह भी साफ किया था कि उन पर जो चेक बाउंस के आरोप लगे हैं, वह भी गलत हैं। अभिनेता ने कहा था कि वह किसी के सामने न तो गिड़गिड़ाए हैं और न ही काम की भीख मांगी है।

सोशल मीडिया यूजर्स ने किया सपोर्ट 
सोनू सूद की इस मुहिम को एक बार फिर यूजर्स ने खुलकर सपोर्ट किया है और उनका कहना है कि सोनू सूद पहले ऐसे अभिनेता हैं, जो हर मुश्किल घड़ी में मदद का हाथ आगे बढ़ाते हैं। यूजर्स ने उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री का असली हीरो बताया है। इसके अलावा कुछ यूजर्स ने उन्हें महान आदमी कहा है।