जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ की संतान अनाया बांगड़ ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी करा ली है। अनाया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनकी सर्जरी सफल रही है और वह फिलहाल रिकवरी के दौर से गुजर रही हैं। अनाया लंबे समय से इस सर्जरी की तैयारी कर रही थीं और मार्च में थाईलैंड में सर्जरी कराने वाली थीं। अब उन्होंने पोस्ट शेयर कर इसकी सफलता की जानकारी दी है।
सोशल मीडिया पर अनाया ने लिखा, 'सर्जरी सफल रही। मैं अभी रिकवरी कर रही हूं और धीरे-धीरे चीजों को आगे बढ़ा रही हूं, लेकिन डॉ. चेट और WIH इंटरनेशनल हॉस्पिटल की टीम से मिली देखभाल के लिए मैं बेहद आभारी हूं। यह एक लंबी यात्रा रही है और आज का दिन इस सफर का एक बहुत महत्वपूर्ण कदम महसूस हो रहा है। आप सभी के प्यार, समर्थन और संदेशों के लिए धन्यवाद। यह मेरे लिए सच में बहुत मायने रखता है।

परिवार का साथ बना सबसे बड़ी ताकत
अनाया की इस यात्रा में उनके परिवार का समर्थन भी अहम रहा है। उनके छोटे भाई अथर्व बांगड़ शुरू से उनके साथ खड़े रहे, जबकि समय के साथ उनके माता-पिता ने भी उन्हें पूरी तरह स्वीकार कर लिया। खास बात यह है कि इस सर्जरी का पूरा खर्च उनके पिता संजय बांगड़ ने उठाया, जिसे अनाया ने अपने जीवन का सबसे बड़ा भावनात्मक सहारा बताया था।
आर्यन से अनाया बने बागंड
संजय बागंड की संतान अनाया बागंड पहले आर्यन थे। अनाया का कहना है कि वह जिस रुप में जन्म लिए थे, उनसे उनको जुड़ाव महसूस नहीं होता था, ऐसे में यह सर्जरी उनके सफर का अहम पड़ाव है। बता दें कि अनाया न सिर्फ क्रिकेट से जुड़ी रही हैं, बल्कि ट्रांसजेंडर अधिकारों की मुखर समर्थक भी हैं। उनका मानना है कि परिवार का समर्थन कई अन्य ट्रांस महिलाओं के लिए उम्मीद और हिम्मत का संदेश दे सकता है।





