जनप्रवाद, संवाददाता, नई दिल्ली/नोएडा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से बजट पेश किए जाने से कुछ घंटे पहले मंगलवार को विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि विधानसभा परिसर की तलाशी के बाद अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और तलाशी अब भी जारी है। उसने बताया कि सुबह सात बजकर 28 मिनट पर विधानसभा को बम की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ और इसके बाद सुबह सात बजकर 49 मिनट पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी एक ईमेल भेजा गया। बम की धमकी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा बल ने तलाश शुरू की। एक अधिकारी ने कहा, हमने परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने एक बयान में कहा कि विधानसभा में बम निरोधक दल सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा जांच की गई। उन्होंने कहा, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है..। ईमेल में कथित तौर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई उच्च पदस्थ गणमान्य हस्तियों का जिक्र था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, साथ ही गहन तलाशी अभियान जारी है।
नोएडा के स्कूल को भी धमकी
जनप्रवाद संवाददाता, नोएडा। नोएडा के कम से कम 12 निजी स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली तथा प्रथम दृष्टया यह सूचना झूठी पाई गई है। उन्होंने कहा, आज सुबह रामाज्ञा स्कूल, खेतान पब्लिक स्कूल, फादर एगनिल स्कूल समेत कम से कम 12 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए जिसमें परिसर में बम रखे होने और जल्द विस्फोट होने की बात कही गई थी। सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ते की सहायता से स्कूल परिसरों की जांच कराई तथा एहतियातन कक्षाएं स्थगित कर विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।





