जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीसी) 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए सुरक्षा, सुव्यवस्था तथा विदेशी मेहमानों एवं आगंतुकों की सुविधाओं को विकसित करने तथा विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, शुद्ध पेयजल, भोजन, इंटरनेट एवं भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।

सीएम योगी ने कहा कि यूपीआईटीसी-2026 उत्तर प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यूपीआईटीसी-2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, आॅस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह भागीदार देशों की सहभागिता, लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी तथा बी 2 बी बैठकों को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने निर्देशित किया कि यूपीआईटीसी-2026 में अवध, बुंदेलखंड, ब्रज सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं आर्थिक विविधता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय कलाकारों, युवाओं, ओडीओपी, एमएसएमई, हस्तशिल्प, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा, टेक्सटाइल, पर्यटन सहित प्रमुख क्षेत्रों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराया जाए।





