जन प्रवाद, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मथुरा में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थली पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सीएम योगी के मुख्यमंत्री के जन्मस्थान पहुंचते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। उन्होंने पुष्पों की वर्षा की जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया।
मुख्यमंत्री करीब आधा घंटे तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले गोप पूजन किया। तदोपरांत भागवत भवन पहुंचे और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष देशवासियों के कल्याण और प्रदेश की उन्नति की प्रार्थना की। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में उमड़े श्रद्धालुओं में भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। सीएम ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उन्हें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। पुष्प वर्षा होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और बढ़ गया तथा पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत पर कई बार आक्रांताओं ने आक्रमण किए। देश की संस्कृति और सनातन परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास भी हुए, लेकिन सनातन की आस्था और विश्वास को कोई डिगा नहीं सका। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।





