नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनका ‘‘पूरा इकोसिस्टम’’ केंद्र में सत्ता हासिल करने और ‘‘तख्तापलट’’ करने के लिए देश में ‘‘बांग्लादेश जैसी अराजकता’’ फैलाने की कोशिश कर रहा है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की नेता नेहा बोरा की उस टिप्पणी को ‘‘राहुल गांधी की साजिश का सबूत’’ बताया जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि वह बांग्लादेश में युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन से प्रेरित हैं। भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस या बोरा की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। भंडारी ने आरोप लगाया, ‘‘नेहा बोरा ने एक साक्षात्कार में कहा कि वह बांग्लादेश आंदोलन से प्रेरित हैं और जो बांग्लादेश में हुआ वह भारत में भी होना चाहिए।
ये शब्द नेहा बोरा के हैं लेकिन इसके पीछे सोच राहुल गांधी की है।’’उन्होंने आरोप लगाया कि वे भारत में बांग्लादेश जैसा ‘जेन जी’ आंदोलन चाहते हैं और उनका मकसद ‘‘तख्तापलट’’ करना है। भाजपा नेता ने दावा किया कि बोरा की टिप्पणी और हाल ही में राहुल के विरोध मार्च में उनकी उपस्थिति से यह साबित होता है कि कांग्रेस नेता अपने ‘‘पूरे इकोसिस्टम’’ (उनके आसपास के लोगों) के साथ मिलकर देश में अराजकता भड़काकर लोकतंत्र को तबाह करने की ‘‘साजिश’’ रच रहे हैं, ताकि किसी भी तरह कांग्रेस को केंद्र में वापस सत्ता में लाया जा सके। भंडारी ने दावा किया, ‘‘यह राजनीतिक प्रतिरोध नहीं है; यह एक अराजक मार्च और एक अराजक विद्रोह है। उनका मकसद तख्तापलट करना है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘घटनाओं का एक ऐसा सिलसिला है जो दिखाता है कि राहुल गांधी का मकसद लोकतांत्रिक प्रतिरोध नहीं, बल्कि अराजकता को अपनाना और उसे मान्यता देना है। यह भारत के राज्य और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ (कांग्रेस की) लड़ाई है।’’ भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल इस तरह की ‘‘साजिश’’ के जरिए अपने ‘‘परिवार’’ को सत्ता में वापस लाना चाहते हैं क्योंकि कांग्रेस उनके नेतृत्व में लोकतांत्रिक तरीकों से ऐसा करने में असमर्थ है।





