लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि जब नारी शक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2017 से पहले बेटियों को संबल देने के बजाय सरकारें अपने राजनीतिक कुनबे को पोषित करने में जुटी थीं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में माताओं के स्वास्थ्य और बेटियों की शिक्षा की घोर उपेक्षा हुई तथा ये क्षेत्र भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। मुख्यमंत्री ने नवरात्र के पांचवें दिन मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप को वात्सल्य, ममता और पोषण की अधिष्ठात्री देवी बताया। उन्होंने कहा कि मां स्कंदमाता की आराधना हमें यह पावन संदेश देती है कि जब नारी शक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में केंद्र और राज्य की संयुक्त सरकार ने पहले की स्थिति को बदला है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले सुविधाओं के अभाव में प्रदेश की लाखों बेटियां पढ़ाई छोड़ने को मजबूर थीं, लेकिन पिछले साढ़े नौ वर्षों में सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और सुरक्षित मातृत्व तक के लिए समग्र सुरक्षा एवं कल्याण व्यवस्था विकसित की है।’’ मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद बदले परिदृश्य की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता 36 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत से अधिक हो गई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘‘स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की दर 20 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत से भी कम रह गई है। अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से श्रमिकों और वंचित वर्गों की बेटियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा मिल रही है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश करना उनके आत्मविश्वास और प्रदेश के भविष्य को सशक्त बनाने में निवेश करने के समान है।
नारी शक्ति के स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होने पर ही राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होगा: योगी आदित्यनाथ
15-Oct-2026





