भाजपा 6, सपा 4 सीटों पर विजयी वाराणसी सीट पर सपा प्रत्यशी आगे

जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में लखनऊ की सीट भाजपा से जाने के बाद वाराणसी स्नातक एमएलसी सीट पर भी सपा बड़ी जीत की ओर है। सपा कैंडिडेट आशुतोष सिन्हा ने 11 हजार से ज्यादा वोटों की लीड ले ली है। भाजपा के विरोध के बाद वोटों की गिनती कुछ देर रोक दी गई थी। 11 सीटों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 6 और समाजवादी पार्टी को 4 सीटों पर जीत मिली है। खास बात यह रही कि लखनऊ की ग्रेजुएट एमएलसी सीट से सपा की कांति सिंह ने भाजपा के मौजूदा विधान पार्षद अवनीश सिंह को बड़े अंतर से शिकस्त दी। 11 सीटों में अवनीश सिंह इकलौते एमएलसी हैं जो चुनाव में हारे हैं। शेष 10 एमएलसी ने अपनी-अपनी सीट बचा ली।


वाराणसी में सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा भाजपा के केदारनाथ सिंह से छठवे राउंड की गिनती के बाद 11,833 वोटों से आगे चल रहे हैं। पांचवें राउंड की गिनती पर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव पर्यवेक्षक पर धांधली का आरोप लगाते हुए धरना भी दिया था। गणना रात 9 बजे के बाद फिर चालू हो गई थी। काउंटिंग रोकने पर अखिलेश यादव ने चेतावनी भरा बयान दिया था। फिलहाल, सातवां राउंड चल रहा है। 


बता दें कि भाजपा ने अभी तक मेरठ टीचर, मेरठ स्नातक, बरेली टीचर, गोरखपुर टीचर, लखनऊ टीचर और आगरा स्नातक सीट पर विजय हासिल की है। सपा ने वाराणसी टीचर, आगरा टीचर, लखनऊ स्नातक और झांसी स्नातक पर विजय पताका फहरा दी। टीचर में कई नतीजे मंगलवार को आ चुके थे। वहीं बुधवार को तय हुए नतीजों में सबसे खास लखनऊ ग्रेजुएट का रिजल्ट है, जहां सिटिंग एमएलसी और भाजपा कैंडिडेट अवनीश सिंह को सपा की कांति सिंह ने बड़े अंतर से शिकस्त देकर चौंका दिया है। गोरखपुर टीचर एमएलसी से भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी निर्दलीय राजीव यादव से हारते-हारते सीट बचा ले गए। वाराणसी सीट पर किसके सिर पर एमएलसी पद का ताज सजेगा यह जल्द ही पता चल जाएगा।