जन प्रवाद, ब्यूरो।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव में 11 में से आठ सीटों के परिणाम आ चुके हैं। इसमें भाजपा ने 5 और सपा ने 3 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। फिलहाल, 3 सीटों पर मतगणना जारी है। इसमें भाजपा एक और सपा दो सीटों पर आगे चल रही है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ही भाजपा शिक्षक कोटे की सीट हार गई है और स्नातक पर पीछे चल रही है। वहीं बात अगर सीएम योगी के गोरखपुर की करें तो यहां पिछड़ने के बाद भाजपा आगे हो गई है। भाजपा ने अभी तक मेरठ टीचर, मेरठ स्नातक, बरेली टीचर, लखनऊ टीचर और आगरा स्नातक सीट जीती है। गोरखपुर शिक्षक पर आगे है। वहीं, सपा ने वाराणसी टीचर, आगरा टीचर और झांसी स्नातक पर जीत हासिल कर ली है। साथ ही वाराणसी स्नातक और लखनऊ स्नातक पर आगे है।

बता दें कि गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर हुए एमएलसी चुनाव की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय में हो रही है। आधी रात बवाल के बाद सपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने मतगणना का बहिष्कार कर दिया है। इससे मतगणना केंद्र पर बुधवार की सुबह 8:30 बजे का नजारा अलग रहा। मतगणना स्थल पर केवल भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी और उनके एजेंट नजर आए। ध्रुव त्रिपाठी के गणना एजेंट की मौजूदगी में ही मतगणना जारी है। इस समय मतगणना का कोरम पूरा किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त है। विश्वविद्यालय की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग और नाकेबंदी कर दी गई है।

बता दें कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर छठे चक्र के बाद सपा के डॉ. मानसिंह यादव ने बढ़त बना रखी है। उन्हें अब तक 37,072 मत मिले हैं, जबकि दूसरे स्थान पर चल रहे भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 21,815 मत प्राप्त हुए हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच 15,257 मतों का अंतर हो गया है। वहीं, शिवशंकर पटेल को 2,914 मत मिले हैं। छठे चक्र की मतगणना के बाद कुल 70,018 मतपत्रों की गणना की जा चुकी है।
इससे पहले जारी पांचवें चक्र के आंकड़ों में डॉ. मानसिंह यादव को 27,157 और अशोक कुमार राठौर को 19,509 मत मिले थे। उस समय दोनों के बीच 7,648 मतों का अंतर था। छठे चक्र के आंकड़ों में यह अंतर बढ़कर 15,257 मत हो गया है। प्रथम चक्र के आंकड़ों में अशोक कुमार राठौर को 3,291, डॉ. मानसिंह यादव को 2,307 और शिवशंकर पटेल को 486 मत मिले थे। अब देखने वाली बात यह होगी कि शेष सीटों पर किस पार्टी प्रत्याशी को जीत मिलेगी।





