नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, सीएम पद से देंगे इस्तीफा, जाएंगे राज्यसभा

जनप्रवाद ब्यूरो। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उनके अनुसार वे बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं। वे अब केंद्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने खुद इसका एलान करते हुए कहा कि अब वे दिल्ली जा रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर जो बयान दिया, उसने सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है। सीएम नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय हो चुका है। वे अब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर केंद्र की राजनीति में आएंगे। चर्चाएं हैं कि उनके बेटे निशांत बिहार में डिप्टी सीएम का पद संभालेंगे वहीं बिहार का अगला सीएम भाजपा से बनाए जाने की संभावना है।

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव


बिहार की सियासत एक बार फिर नई करवट लेने जा रही है। नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाते हैं तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा। एनडीए को नया मुख्यमंत्री को चुनने के साथ-साथ पूरी सरकार का गठन फिर से एक बार करना होगा। ऐसे में बिहार में पावर ट्रांसफर के साथ रोल भी बदल जाएंगे। बता दें कि नीतीश कुमार ने जब बिहार की राजनीति में वापसी की तो राज्य को बदल डाला। 20 साल बिहार को बदलने के बाद नीतीश कुमार अब खुद की जिम्मेदारी बदलने जा रहे हैं। बताया जा रहा है केंद्रीय गृह मंत्री उनके इस बदलाव पर मुहर लगाने के लिए पटना आ रहे हैं। आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी राज्यसभा के लिए नामांकन करने जा रहे हैं।
अगले मुख्यमंत्री पर सवाल


नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाएंगे तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? उपमुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा। बीजेपी का सीएम होगा तो जेडीयू से क्या फिर डिप्टी सीएम होगा। ऐसे तमाम सवाल लोगों के मन में बने हुए  हैं। पटना में सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जनता दल यूनाईटेड के कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं। दर्जनों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर पहुंचे हैं। सभी कार्यकर्ता सीएम नीतीश कुमार से राज्यसभा नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। जदयू एमएलसी संजय सिंह ने कहा कि अभी उन्हें और काफी दिन बिहार की सेवा करनी है। हमलोग नहीं चाहते हैं कि वह राज्यसभा जाएं। हालांकि, अंतिम फैसला उन्हीं को लेना है।  
निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर चर्चा


नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री लेने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। निशांत कुमार अब तक सत्ता की चकाचौंध से दूर एक शांत और लो-प्रोफाइल जीवन जीते रहे हैं। बिहार की बदलती सियासत जल्द ही उनके डिप्टी सीएम के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के संकेत दे रही है। बता दें कि निशांत कुमार अब तक लाइमलाइट और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर ही रहे हैं। निशांत कुमार एक पढ़े-लिखे और गंभीर व्यक्तित्व वाले शख्स माने जाते हैं। अपने पिता की तरह वो भी पेशे से एक इंजीनियर हैं। उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित बिरला इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलॉजी मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। जून 2025 में जेडीयू के महासचिव ने भी निशांत कुमार को सियासत में शामिल होने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि मौजूदा हालात को देखते हुए निशांत कुमार को पार्टी और राज्य की बेहतरी के लिए आगे आना चाहिए। सूत्रों से पता चला है कि बिहार प्रदेश जदयू की कमान उमेश कुशवाहा के पास ही रहेगी। यह फैसला हो चुका है। सीएम नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद विधान पार्षद संजय गांधी का कहना है कि निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय होंगे। यह उन्हीं की पार्टी है। वे जब चाहें पार्टी में शामिल हो सकते हैं। संजय गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा पर कहा कि अभी तक इस तरीके की कोई जानकारी उन लोगों को नहीं मिली है। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह से ठीक हैं और स्वस्थ हैं। वह लगातार बिहार की सेवा भी कर रहे हैं। इसका मतलब है कि जेडीयू के कई नेता ऐसे हैं जो नहीं चाहते हैं कि नीतीश कुमार केंद्रीय राजनीति में जाएं।