दो लाख का इनामी भानु मुठभेड़ में ढेर, एसटीएफ प्रभारी व एक सिपाही भी घायल

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
लखनऊ। यूपी के पूर्वांचल का कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह को एसटीएफ ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। आयोध्या में प्रयागराज एसटीएफ की यूनिट के साथ हुई मुठभेड़ में उसके कई गोलियां लगीं। उक्त अपराधी पर विभिन्न जिलों में दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। भानु पर तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ में एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के प्रभारी जेपी राय और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है। यह मुठभेड़ अहमदपुर घाट तिराहे के पास महाराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। 


पुलिस के अनुसार भानु प्रताप सिंह गोरखपुर के बेलाघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर का रहने वाला था। प्रयागराज एसटीएफ को भानु के बारे में सूचना मिली तो उसकी घेराबंदी की गई। इस दौरान शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भानु प्रताप पर आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख, अंबेडकर नगर पुलिस ने 50 हजार, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार और बस्ती पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।